- पुणे शहर में सभी स्कूल और कॉलेज 28 फरवरी तक के लिए बंद
- इस दौरान संस्थान ऑनलाइन क्लासेज के जरिए पढ़ाई जारी रखेंगे।
- मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगले आठ दिन तय करेंगे कि क्या राज्य में लॉकडाउन लगाना पड़ेगा।
School Shutdown: महाराष्ट्र में अचानक से कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। ऐसे में पुणे शहर में 22 फरवरी से सभी स्कूल और कॉलेज 28 फरवरी तक के लिए बंद कर दिए हैं। शहर में सभी शैक्षणिक संस्थान एक हफ्ते के लिए बंद रहेंगे। इस दौरान संस्थान ऑनलाइन क्लासेज के जरिए पढ़ाई जारी रखेंगे। पुणे में लंबे समय के बाद जनवरी 2021 में शैक्षणिक संस्थान खोले गए थे। पुणे म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने शिक्षकों और स्कूल के कर्मचारियों को स्कूल में आने से पहले RT-PCR टेस्ट कराने के निर्देश दिए गए थे। सबसे पहले ग्रामीण इलाकों में शैक्षणिक संस्थानों को खोला गया था।
महाराष्ट्र में रविवार को 6,971 नए Covid-19 मामले सामने आए। वहीं 2,417 मरीज डिस्चार्ज किए गए। इसके अलावा कोरोना महामारी से पिछले 24 घंटों में 35 लोगों की मौत हो गई है। राज्य में अब तक कुल मामले 21,00,884 सामने आ चुके हैं। इसमें से 19,94,947 ठीक हुए हैं, जबकि 51,788 लोगों ने महामारी के चलते दम तोड़ दिया है। राज्य में 52,956 एक्टिव केस हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगले आठ दिन तय करेंगे कि क्या राज्य में लॉकडाउन लगाना पड़ेगा। बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य के अमरावती जिले में आज से एक हफ्ते के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया है। पुणे में भी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान को बंद करने का आदेश दिया गया है।
पुणे संभागीय आयुक्त ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने की घोषणा की। रिपोर्ट के अनुसार, इलाके में रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू भी लागू रहेगा जिसके दौरान लोगों को केवल आवश्यक सेवाओं के लिए अनुमति होगी। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव अजीत पवार ने इलाके में Covid-19 की स्थिति की जानकारी लेने के लिए बैठक आयोजित की थी। उन्होंने अधिकारियों से वायरस के प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक उपाय करने को कहा है।